Training Duty बना सिरदर्द! जनगणना 2027 पर शिक्षकों ने उठाई बड़ी आवाज
कुशीनगर: जनगणना 2027 प्रशिक्षण ड्यूटी को लेकर शिक्षक संघ ने उठाई आवाज
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद कुशीनगर ने जनगणना 2027 के प्रशिक्षण कार्य को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। संघ का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण ड्यूटी में शामिल करने के दौरान कई विसंगतियां सामने आ रही हैं।
पत्र में बताया गया कि प्रशिक्षण ड्यूटी सूची में पदानुसार उचित चयन नहीं किया गया है। कई स्थानों पर सहायक अध्यापकों की जगह प्रधानाध्यापकों को शामिल किया गया है, जबकि यह व्यवस्था नियमों के विपरीत है। साथ ही अलग-अलग ग्रेड पे वाले शिक्षकों का चयन भी असंगत तरीके से किया गया है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशिक्षण ड्यूटी में उन शिक्षकों को भी लगाया गया है, जो पहले से ही अन्य कार्यों में व्यस्त हैं, जिससे शैक्षिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
शिक्षक संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनगणना 2027 के प्रशिक्षण कार्य में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव न पड़े और शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
