“जिस घर में गूंज रही थीं खुशियां, वहीं छा गया सन्नाटा: बारात से लौटते शिक्षक की मौत
बारात से लौट रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा, मासूम बेटियों की चीख से गूंजा घर
पूरनपुर, पीलीभीत। बारात से घर को वापस लौटते समय एक शिक्षक की सड़क हादसे में मौत होने से शव घर में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिससे परिवार व शिक्षा जगत में शोक छा गया।
ब्लॉक पूरनपुर के गांव मकरंदपुर व वर्तमान में सिरसा चौराहा गांव नरायनपुर निवासी व कम्पोजिट विद्यालय घिरकिया बरगदिया के इंचार्ज शिक्षक वीरसिंह कुशवाहा (38) मंगलवार को अपने मित्र के यहां बरखेड़ा में शादी समारोह में गए थे। बाइक से रात को ही घर वापस लौटते समय जरा कोठी के पास पेट्रोल पंप के पास रात करीब 9 बजे एक ट्रक से एक्सीडेंट हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
बुधवार को शिक्षक का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। शिक्षक की पत्नी कृष्णा कुशवाहा का रो-रो कर बुरा हाल है। इनकी दो पुत्रियां वैष्णवी कुशवाहा (07) व भूमि कुशवाहा (05) हैं, जो अपने पापा का शव कपड़े में लिपटा देखकर “पापा-पापा” चीख-चीख कर बुला रही थीं।
शिक्षक की सड़क हादसे में मौत होने से परिवार व शिक्षक जगत में शोक की लहर छा गई है। शिक्षक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मकरंदपुर में किया गया। अंतिम संस्कार में आसपास के कई गांव के लोग, रिश्तेदार व दर्जनों शिक्षक शामिल हुए।
अंतिम यात्रा में विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान, शिक्षक सूरजप्रकाश गंगवार, संतोष कुमार पासवान, विमल कुमार, विजय शर्मा, विश्वनाथ सिंह कुशवाहा, राधाकृष्ण कुशवाहा, परनलाल, ऋषि सक्सेना, रामआसरे पासवान, जयपाल आदि ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।