शादी का झांसा देकर किशोरी का शोषण, शिक्षक गिरफ्तार : विजयपुर में आरोपी पर पास्को एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
किशनपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक नाबालिग किशोरी का कथित तौर पर यौन शोषण करने वाले शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी गांव के एक विद्यालय में पढ़ती थी, जहां आरोपी सूरज सिंह शिक्षक के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि सूरज सिंह ने किशोरी को बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाया और शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया।
जब किशोरी ने विवाह के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। आरोपी के इनकार से आहत होकर किशोरी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार देर रात पुलिस ने आरोपी सूरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
किशनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चेलाल प्रसाद ने बताया कि अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।