यूपी में मानसून की दस्तक जल्द, रविवार रात आंधी-बारिश के साथ होगी एंट्री; गर्मी से मिलेगी राहत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के आने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। अनुमान है कि रविवार रात से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश के साथ मानसून दस्तक दे सकता है।
इसके बाद 30 जून से अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने की उम्मीद है।
तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से राहत
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां लगातार बेहतर हो रही हैं। बारिश शुरू होने के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
इससे लोगों को भीषण गर्मी, उमस और लू से राहत मिलेगी। लंबे समय से गर्मी झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए मानसून की बारिश राहत लेकर आ सकती है।
अभी कुछ जिलों में लू का असर जारी
हालांकि मानसून आने से पहले शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के करीब 35 जिलों में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बांदा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लू का असर कम होगा और मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।