यूपी में मॉनसून ने दी दस्तक: आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट, 60 जिलों में अलर्ट, मौसम विभाग के अनुसार
UP Monsoon: यूपी में मॉनसून का आगमन तय समय से करीब पांच दिन की देरी से मंगलवार को आया। एक ही झटके में उत्तरी सीमा प्रदेश के कई हिस्सों से गुजरते हुए उत्तराखंड और कश्मीर तक पहुंच गई। इसके असर से दिनभर बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश व फुहारें पड़ीं। इससे अधिकतम तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को भी बारिश की संभावना जताई है। यूपी-उत्तराखंड मौसम केंद्र ने बुधवार के लिए प्रदेश के 68 जिलों के जिलाधिकारियों को दो चरणों में मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बदायूं, कासगंज, संभल, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों में तेज आंधी-तूफान (हवा की गति 30-40 किमी/घंटा) के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, राजधानी लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, मेरठ, बरेली, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), कानपुर, आगरा, मथुरा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, इटावा, प्रतापगढ़, रायबरेली और फतेहपुर सहित दर्जनों जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम मुख्यालय ने बारिश और तेज हवा के प्रभाव को देखते हुए अंदेशा जताया है कि इस दौरान कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर ढांचों (जैसे टिन शेड या होर्डिंग्स) को नुकसान पहुंच सकता है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बहराइच, लखीमपुर खीरी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आस पास के क्षेत्र में बहुत भारी वर्षा का अलर्ट है। इनके अलावा आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है।
ललितपुर में भारी बारिश
वहीं, कल तक बुंदेलखंड के ललितपुर जिले के तालबेहट में 106 मिमी भारी बारिश हुई। अयोध्या एफएमओ सेंटर पर 69 मिमी, अम्बेडकर नगर के टांडा में 68 मिमी, गोंडा सीडब्ल्यूसी व सदर में 64-64 मिमी बारिश हुई। संत कबीर नगर के मुखलिसपुर में 61.4 मिमी और खलीलाबाद में 11 मिमी बारिश हुई। बस्ती में 55.8 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा श्रावस्ती के भिनगा में 48.6 मिमी, हरदोईमें 47.2 मिमी बारिश हुई है। रामपुर, बुलंदशहर, झांसी, शाहजहांपुर, गोरखपुर, पीलीभीत में भी अच्छी बारिश हुई।
बदायूं में भी सुबह से ही झमाझम बारिश
बदायूं में बुधवार सुबह करीब सात बजे मॉनसून की तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। साढ़े तीन घंटे से लगातार हो रही बारिश से कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है, वहीं धान की रोपाई का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। लगातार बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के कारण समय पर रोपाई का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। गांधी ग्राउंड पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे वहां चल रही नुमाइश प्रभावित हो गई। कई सड़कों पर भी पानी भरने से आवागमन बाधित रहा। वहीं, अंडरग्राउंड बिजली लाइन प्रभावित होने से शहर के कई हिस्सों की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। जलभराव के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में भी एहतियात बरती जा रही है, जिससे करंट लगने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है