नेवले को बचाने के चक्कर में भिड़ीं दो कारें, दो शिक्षक घायल

नेवले को बचाने के चक्कर में भिड़ीं दो कारें, दो शिक्षक घायल

लखीमपुर-गोला मार्ग पर सोमवार शाम एक अजीबोगरीब हादसा सामने आया। सड़क पार कर रहे नेवले को बचाने के प्रयास में अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कार आगे वाली कार से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो शिक्षक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे नगर निवासी अवधेश वर्मा अपने साथी राजकुमार और बलवीर यादव के साथ कार से लखीमपुर की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार निपानिया स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी आगे चल रही एक कार के सामने अचानक नेवला आ गया।

नेवले को बचाने के लिए आगे वाली कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे चल रही अवधेश वर्मा की कार अनियंत्रित होकर आगे वाली कार से जा टकराई। हादसे में कार सवार बलवीर यादव और राजकुमार घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि दोनों घायल प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक हैं। दुर्घटना के बाद आगे चल रही कार का चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से चला गया।

हादसे के बाद अवधेश वर्मा ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई।

Leave a Comment