भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग
(झांसी)। बढ़ती गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए जनपद में स्कूलों को अवकाश घोषित करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद मझगांव के अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी झांसी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
पत्र में बताया गया है कि वर्तमान समय में झांसी जनपद के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है, क्योंकि भीषण गर्मी के कारण विद्यालयों में उनकी उपस्थिति जोखिमपूर्ण हो सकती है।
अध्यक्ष ने अपने पत्र में जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि जनपद में बढ़ते तापमान को देखते हुए सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को गर्मी से होने वाली समस्याओं से बचाया जा सके। इस पत्र की प्रतिलिपि अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मझगांव को भी प्रेषित की गई है।
