बड़ी खबर: ड्यूटी कटवाने वालों की अब होगी मेडिकल जांच, नौकरी पर खतरा!
जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जनगणना कार्य में लगाए गए कई कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी से हटाए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं। इस पर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का आदेश जारी किया है।
कार्यालय जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, कानपुर नगर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, ऐसे सभी कर्मचारी जो जनगणना ड्यूटी से हटने का अनुरोध कर रहे हैं, उनके मामलों की जांच अब मेडिकल बोर्ड द्वारा की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर को निर्देशित किया गया है कि वे एक मेडिकल बोर्ड का गठन करें। यह बोर्ड संबंधित कर्मचारियों के प्रस्तुत चिकित्सा दस्तावेजों का परीक्षण करेगा और यह प्रमाणित करेगा कि संबंधित कर्मचारी सरकारी सेवा करने के लिए चिकित्सकीय रूप से सक्षम है या नहीं।
प्रशासन का मानना है कि इस प्रक्रिया से फर्जी या गैर-जरूरी आवेदन पर रोक लगेगी और जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, DIOS सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
