UP में जनगणना 2027 का पहला चरण पूरा, 30 जून तक मोबाइल से ऐप डिलीट न करें प्रगणक

UP में जनगणना 2027 का पहला चरण पूरा, 30 जून तक मोबाइल से ऐप डिलीट न करें प्रगणक

उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत मकान सूचीकरण और मकान गणना का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। गोरखपुर जिले में यह काम तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया। अंतिम दिनों में मिली शिकायतों के बाद छूटे हुए मकानों का सर्वे कर प्रक्रिया को पूरा किया गया।

जिले के सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) में मकान गणना का कार्य निर्धारित समय सीमा से चार दिन पहले ही पूरा हो गया था। इसके बाद प्रशासन ने उन परिवारों और मकानों की जानकारी जुटाई, जो किसी कारण से पहले चरण में शामिल नहीं हो पाए थे।

जनगणना ऐप को लेकर प्रगणकों को निर्देश

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि पहले चरण में मकानों की स्थिति, सुविधाओं और जरूरी संसाधनों से जुड़ी जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की गई है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर फरवरी 2027 में होने वाली जनसंख्या गणना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

जिला जनगणना अधिकारी और एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश ने सभी प्रगणकों को निर्देश दिए हैं कि वे 30 जून तक अपने मोबाइल फोन से जनगणना ऐप को डिलीट न करें। उन्होंने कहा कि कई बार जल्दबाजी में ऐप हट सकता है, इसलिए सभी प्रगणकों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

उन्होंने बताया कि 20 जून तक मोबाइल ऐप के जरिए आंकड़ों में सुधार की सुविधा उपलब्ध थी। अब पोर्टल पर किसी भी तरह का संशोधन नहीं किया जाएगा।

देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना

जनगणना-2027 को देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना बताया जा रहा है। इस बार प्रगणक मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए घर-घर जाकर जानकारी दर्ज कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में मकान सूचीकरण और मकान गणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलाया गया। अब इसी डेटा के आधार पर अगले चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसमें लोगों की संख्या और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

Leave a Comment