भीषण गर्मी में जनगणना ड्यूटी पर सवाल, शिक्षकों ने सरकार से की बड़ी मांग
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज लू ने आम लोगों के साथ अब सरकारी कर्मचारियों की चिंता भी बढ़ा दी है। इसी बीच जनगणना कार्य को लेकर शिक्षकों की ओर से बड़ा मुद्दा उठाया गया है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मांग की है कि मौजूदा मौसम को देखते हुए जनगणना का फील्ड वर्क फिलहाल टाल दिया जाए।
संघ का कहना है कि इस समय कई जिलों में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। दोपहर में बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा है। ऐसे में शिक्षकों को घर-घर जाकर सर्वे और जनगणना से जुड़ा कार्य देना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।
जनगणना कार्य के लिए पहले से तय है लंबा समय
प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी और महामंत्री उमाशंकर सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि गृह मंत्रालय की ओर से हाउस लिस्टिंग और हाउस सेंसेक्स के लिए 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक का समय तय किया गया है। यानी विभाग के पास पर्याप्त समय मौजूद है।
शिक्षक नेताओं का कहना है कि जब प्रक्रिया के लिए कई महीने उपलब्ध हैं, तो भीषण गर्मी के दौरान जल्दबाजी में फील्ड ड्यूटी कराने की जरूरत नहीं है। उनका सुझाव है कि स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां समाप्त होने के बाद यह कार्य कराया जाए, ताकि शिक्षक भी सुरक्षित रहें और काम की गुणवत्ता भी बेहतर बनी रहे।
छुट्टियों में ड्यूटी लगी तो अर्जित अवकाश की मांग
शिक्षक संघ ने अपने पत्र में यह भी साफ किया है कि यदि सरकार छुट्टियों के दौरान ही जनगणना कार्य कराने का official announcement करती है, तो इसके बदले शिक्षकों को अर्जित अवकाश (Earned Leave) दिया जाना चाहिए।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि बिना किसी अतिरिक्त सुविधा या अवकाश के गर्मी की छुट्टियों में लगातार फील्ड वर्क कराना उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने इसे शिक्षकों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
शिक्षकों ने रखी राहत की उम्मीद
प्रदेश भर में चल रही भीषण गर्मी के बीच यह मामला अब तेजी से चर्चा में है। बड़ी संख्या में शिक्षक भी चाहते हैं कि जनगणना से जुड़ी ड्यूटी मौसम सामान्य होने के बाद शुरू की जाए। आने वाले दिनों में सरकार की ओर से क्या फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।