अक्षय तृतीया के दिन 4,300 रुपये बढ़े चांदी के दाम, सोना भी महंगा

अक्षय तृतीया के दिन 4,300 रुपये बढ़े चांदी के दाम, सोना भी महंगा

नई दिल्ली। अक्षय तृतीया के दिन खुदरा कारोबारियों और स्टॉकिस्टों की ताजा खरीदारी से सोने एवं चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 800 रुपये महंगा होकर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पहुंच गया।

चांदी की कीमतें 4,300 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,57,300 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पहुंच गईं। घरेलू बाजार के विपरीत अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.52 फीसदी गिरावट के साथ 4,805.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 1.35 फीसदी टूटकर 79.71 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में फिर से बढ़े तनाव ने ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता पैदा कर दी है। तनाव बढ़ने से ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई को लेकर चिंताएं उभर आई हैं, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया।

तनाव फिर बढ़ने से रुपया 25 पैसे टूटा

मुंबई। पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने के बीच डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को शुरुआती बढ़त गंवाते हुए 25 पैसे टूटकर 93.16 पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग पर गतिरोध बने रहने से वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई है।

ईरान और अमेरिका के बीच ताजा टकराव के कारण डॉलर की मांग बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती से रुपये पर दबाव बना रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.73 पर खुला और कारोबार के दौरान 92.70 के उच्च स्तर तक गया। बाद में स्थानीय मुद्रा ने 93.24 के निचले स्तर को भी छुआ।

Leave a Comment