उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष से मिले शिक्षक, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की रखी मांग
बीसलपुर, पीलीभीत उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री दिनेश चंद्र शर्मा के जनपद पीलीभीत अंतर्गत बीसलपुर ब्लॉक आगमन पर शिक्षकों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिक्षक प्रतिनिधि संजय कुमार पाठक एवं राहुल कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर प्राथमिक शिक्षकों से जुड़ी महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान शिक्षक प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से अंतर्जनपदीय स्थानांतरण (Inter-District Transfer) का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हजारों शिक्षक वर्षों से अपने गृह जनपद से दूर तैनात हैं। वर्तमान में स्थानांतरण प्रक्रिया ठप होने के कारण शिक्षकों को पारिवारिक, सामाजिक और मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों ने संगठन के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने और शीघ्र ही एक सरल, पारदर्शी एवं सुगम अंतर्जनपदीय स्थानांतरण नीति लागू कराने की मांग की।
शिक्षकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री दिनेश चंद्र शर्मा ने आश्वासन दिया कि संगठन शिक्षकों के हितों के लिए पूरी मजबूती से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंतर्जनपदीय स्थानांतरण को लेकर सरकार का रुख सकारात्मक है और संगठन लगातार शासन स्तर पर संवाद बनाए हुए है। प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में इस दिशा में कोई सकारात्मक और राहत देने वाला निर्णय सामने आ सकता है।
इस अवसर पर बीसलपुर ब्लॉक के कई शिक्षक, संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।