Up Weather:- प्रदेश में प्रचंड गर्मी से लोग हुए परेशान, भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त जाने कितने दिन और रहेगा।
प्रदेश में प्रचंड गर्मी और लू का कहर जारी है। तपिश के साथ पूर्वा हवाओं के असर से जनजीवन अस्त व्यस्त है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल और आसपास के हिस्सों में बृहस्पतिवार से राहत मिलने के आसार हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में दो से तीन दिन और भीषण गर्मी जारी रहेगी। मौसम विभाग की ओर से गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मथुरा, आगरा, झांसी में लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।बुधवार को बुंदेलखंड, आगरा मंडल और दिल्ली-एनसीआर के जिले प्रचंड गर्मी की चपेट में रहे। वहीं प्रयागराज, उरई, वाराणसी, सुल्तानपुर में भी तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे।
प्रदेश में 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा सबसे गर्म रहा, जबकि 25 जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। वहीं लू लगने से बांदा में दो जबकि अलीगढ़ और हाथरस में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उधर, झांसी में दिन में उमस भरी गर्मी के बाद शाम के वक्त आसमान में बादल छाए और कई स्थानों पर बूंदाबांदी तो कहीं कुछ मिनट के लिए बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। झांसी में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्यिस दर्ज हुआ। लखनऊ में तापमान 42 डिग्री रहा।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी-तराई के नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर जैसे कुछ जिलों में दिन में लू चलने के साथ रातें उमस भरी रहने की संभावना है।
पूर्वांचल में बदल सकता है मौसम
पश्चिमी यूपी में दो से तीन दिन लू की परिस्थितियां जारी रहेंगी। वहीं बृहस्पतिवार को पूर्वांचल व अन्य हिस्सों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं।- अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक
प्रदेश में 10 सर्वाधिक तापमान वाले जिले
आगरा- 45.4
उरई- 45.2
बांदा- 44.8
झांसी- 44.7
प्रयागराज 43.8
सुल्तानपुर- 43.5
कानपुर 43.4
वाराणसी- 43.3
इटावा- 43.2
हमीरपुर- 43.2