सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
हाथरस में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में एक सहायक अध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के समय उनके दोनों बच्चे भी बाइक पर सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
यह हादसा हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलेसर रोड पर लाडपुर के पास शाम करीब 6 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक विनोद कुमार पूर्व माध्यमिक विद्यालय धधोरी, ब्लॉक हसायन में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वह अपने परिवार के साथ जलेसर क्षेत्र से हाथरस लौट रहे थे और आगरा रोड स्थित वैष्णो एंक्लेव में रहते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाडपुर के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत बागला जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। क्षेत्र में शोक की लहर है और हर कोई इस दुखद हादसे से स्तब्ध है।