चांदी का भाव: आज सुबह क्या है रेट, जानें पटना, लखनऊ समेत अपने शहर के दाम
Chandi ka bhav aaj ka) 2 February 2026 : चांदी की कीमतों में दो-तीन दिनों से लगातार गिरावट हो रही है। यह बजट के दिन भी जारी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी 9% गिरकर यानी 26,273 रुपये घटकर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी की कीमत लाइफटाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम से 36% से अधिक कम हो गई। इससे पहले यह शुक्रवार को इस साल चांदी की कीमत का सर्वकालिक उच्च स्तर 4,20,048 रुपये से घटकर 2,91,911 रुपये पर आ गई थी। एक दिन में 30% की गिरावट हो गई थी। गुरुवार को चांदी की कीमत करीब 9 प्रतिशत बढ़कर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इस तरह पिछले कारोबारी दिन तक चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई से 1,28,137 रुपये सस्ती हो गई थी। कॉमेक्स पर चांदी की कीमत 35.89 डॉलर प्रति औंस या 31.37 प्रतिशत कम होकर 78.531 डॉलर प्रति औंस हो गई है। वहीं गुडरिटर्न्स की रिपोर्ट के मुताबिक आज चांदी की कीमत गिरकर 3,49,900 रुपये हो गई। गुरुवार को 4,10,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोमवार सुबह तक चांदी घटकर 2,65,751 रुपये किलो हो गई। आगे हम आपको देश के अलग-अलग शहरों में चांदी के ताजा दामों की जानकारी दे रहे हैं। चांदी के गहने खरीदने वाले (Silver jewellery rates) यहां अपने शहर के रेट देख सकते हैं। बाजार ओपन होने के बाद जैसे-जैसे कीमतों में बदलाव होंगे हम आपको अपडेट कराते रहेंगे।
पिछले कारोबारी दिन चांदी का भाव
कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी डॉलर में तेजी के बीच निवेशकों द्वारा भारी मुनाफावसूली किए जाने से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 20,000 रुपये या करीब 5 प्रतिशत टूटकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। इससे एक दिन पहले चांदी 19,500 रुपये की तेजी के साथ 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी पर दबाव देखने को मिला। हाजिर चांदी की कीमत 14 डॉलर या 12.09 प्रतिशत गिरकर 101.47 डॉलर प्रति औंस रह गई। दिन के कारोबार के दौरान यह 17.5 प्रतिशत तक लुढ़ककर 95.26 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई थी। गौरतलब है कि गुरुवार को चांदी ने 121.45 डॉलर प्रति औंस का नया शिखर छुआ था।
पिछले कारोबारी दिन वायदा बाजार में चांदी का भाव
वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी की कीमतों में हाल के महीनों की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट दर्ज की गई। कमजोर वैश्विक रुझानों और डॉलर में मजबूती के कारण निवेशकों ने तेजी से मुनाफावसूली की। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में मार्च डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 67,891 रुपये या 16.97 प्रतिशत टूटकर 3,32,002 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। गुरुवार को चांदी का वायदा भाव लगभग 9 प्रतिशत बढ़कर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था और 3,99,893 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में मार्च डिलीवरी वाली चांदी 19.30 डॉलर या 16.87 प्रतिशत गिरकर 95.12 डॉलर प्रति औंस तक आ गई, जबकि पिछले सत्र में यह 121.78 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर थी। इस दौरान सोने की कीमतों में भी गिरावट देखी गई और सोना करीब 9 प्रतिशत टूटकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
विशेषज्ञों की राय
न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, हालिया रिकॉर्ड तेजी के बाद निवेशकों ने आक्रामक मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे चांदी में भारी गिरावट आई। उन्होंने कहा कि बड़े संस्थागत निवेशकों द्वारा लंबी अवधि के सौदों में भारी बिकवाली और डॉलर में सुधार के कारण सर्राफा बाजार पर दबाव बढ़ा है। तकनीकी रूप से भी सोना और चांदी दोनों ही अत्यधिक खरीदे गए स्तरों पर थे, जिससे सुधार की आशंका पहले से बनी हुई थी।
इनक्रेड मनी के सीईओ विजय कुप्पा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मुनाफावसूली, ऊंचे स्तरों पर मजबूत समर्थन के अभाव और तकनीकी सुधार के चलते चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संभावित नए प्रमुख के तौर पर केविन वॉर्श के नाम को लेकर बढ़ी अनिश्चितता को भी बाजार की कमजोरी का कारण बताया।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस विश्लेषक मानव मोदी ने कहा कि चांदी ने सभी कॉन्ट्रैक्ट्स में निचला सर्किट छू लिया है। उन्होंने बताया कि घरेलू बाजारों में सोने और चांदी के ईटीएफ में 20 प्रतिशत तक की गिरावट आई है, जो मजबूत मुनाफावसूली को दर्शाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि फेडरल रिजर्व का नेतृत्व अधिक आक्रामक रुख अपनाता है, तो डॉलर और मजबूत हो सकता है, जिससे कीमती धातुओं पर आगे भी दबाव बना रह सकता है।