नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक पर मुकदमा, ग्रामीणों के विरोध के बाद निलंबित

नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक पर मुकदमा, ग्रामीणों के विरोध के बाद निलंबित

गोसाईगंज क्षेत्र के कूरेभार ब्लॉक के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा सात की छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता का आरोप है कि 23 फरवरी को विद्यालय के एक सहायक शिक्षक ने उनकी बेटी को स्कूल के बाथरूम के पीछे ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की और अनुचित टिप्पणी भी की।

परिजनों के अनुसार, जब छात्रा ने विरोध किया तो शिक्षक ने उसे जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी भी दी। डरी हुई छात्रा घर पहुंची और उसने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद छात्रा के पिता ने संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया। कुछ देर तक विद्यालय परिसर में हंगामे जैसी स्थिति भी बनी रही।

खंड शिक्षा अधिकारी उदयराज मौर्या ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और वह स्वयं विद्यालय जाकर स्थिति की जानकारी ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी बीएसए शिवशंकर मिश्र ने आरोपी सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Comment