Mausam Alert: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में शीतलहर की चेतावनी; जानिए कब से
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। 12 और 13 जनवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद कुछ इलाकों में 14 जनवरी को भी शीतलहर चलेगी। हालांकि, उसके बाद इसमें राहत मिलेगी और ठंड में कमी आएगी। अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने वाला है। इसके अलावा, 11-16 जनवरी के दौरान बिहार के कुछ हिस्सों में और 11 जनवरी को उत्तरी राजस्थान में शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो जम्मू कश्मीर, लद्दाख में कई जगह न्यूनतम तापमान 0 डिग्री से नीचे था, हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर, उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान में कुछ जगहों पर एक से पांच डिग्री सेल्सियस पारा रहा। उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक सुबह के समय कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा देखने को मिलेगा। बिहार में 12 जनवरी तक सुबह के समय बहुत घने कोहरे के छाए रहने की संभावना है। जम्मू डिविजन, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब में 16 तारीख तक, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 17 तारीख तक, पश्चिमी राजस्थान में 13 तारीख तक, पूर्वी राजस्थान और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 14 तारीख तक घने कोहरे के छाए रहने की संभावना है।