केंद्रीय कर्मचारियों का डीए होगा फ्रीज? कोरोना के दौर जैसे फैसले का लगा डर
केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के डीए (महंगाई भत्ता) का इंतजार बढ़ता जा रहा है। साल के तीन महीने बीत जाने के बाद भी सरकार ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। अब तक के पैटर्न को देखें तो होली के आसपास डीए पर फैसला हो जाता था लेकिन लगातार हो रही देरी से केंद्रीय कर्मचारियों के मन में तरह-तरह की बातें चल रही हैं। यह डर है कि सरकार कहीं कोरोना काल की तरह एक बार फिर से महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी को फ्रीज ना कर दे। हालांकि, सरकार की ओर से इसके कोई संकेत नहीं दिए गए हैं और ना ही कोई फैसला हुआ है। बहरहाल, आइए जान लेते हैं कि कोरोना काल में डीए पर क्या हुआ था और अभी कब तक बढ़ोतरी की उम्मीद है।
कोरोना काल में क्या हुआ था?
दरअसल, कोरोना काल (2020-21) में सरकार ने आर्थिक हालात का हवाला देकर डेढ़ साल का डीए फ्रीज कर दिया था। ये डीए तीन किस्तों (जनवरी 2020, जुलाई 2020 और जनवरी 2021) में कुल 18 महीने का था। कहने का मतलब है कि केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 18 महीने तक किसी तरह के बदलाव नहीं किए गए। कर्मचारी यूनियनों ने कई बार इसकी मांग की लेकिन सरकार ने वित्तीय कारणों से इनकार कर दिया।
एक बार फिर क्यों लगा डर?
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जंग की वजह से वैश्विक स्तर पर हालात बिगड़ गए हैं। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था में भी चुनौतियां आने की आशंका है। वहीं, तीन महीने बीत जाने के बाद भी डीए पर फैसला नहीं होने से केंद्रीय कर्मचारियों का डर बढ़ गया है। हालांकि, सरकार की ओर से ऐसे कोई संकेत नहीं दिए गए हैं। बता दें कि आठवें वेतन आयोग के दौर में यह पहली बार होग जब सरकार डीए पर फैसला लेगी। दरअसल, 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है। ऐसे में देरी का मुख्य कारण 7वें वेतन आयोग की समाप्ति और 8वें वेतन आयोग की शुरुआत बताई जा रही है।
जनवरी से जून छमाही के डीए का है इंतजार
केंद्रीय कर्मचारियों को साल 2026 की पहली छमाही यानी जनवरी से जून की अवधि के डीए का इंतजार है। वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों को 58% डीए मिल रहा है। जनवरी 2026 से डीए में करीब 2 से 3% की बढ़ोतरी की उम्मीद है। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों का डीए बढ़कर 60 या 61% हो जाएगा।
आमतौर पर यह ऐलान मार्च में (होली के आसपास) हो जाता है लेकिन इस बार कैबिनेट ने मार्च में कोई फैसला नहीं लिया। अब अप्रैल 2026 में ऐलान होने की संभावना है। अगर डीए अप्रैल में घोषित होता है तो कर्मचारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च का एरियर भी मिलेगा। यह अप्रैल के वेतन के साथ क्रेडिट होगा।