स्कूल के अंदर घुसा यूट्यूबर, शिक्षिका का बनाया वीडियो; बच्चों से कहा-मैडम के खिलाफ झूठ बोलो
लखनऊ में गोमतीनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय राम आसरे पुरवा में तैनात सहायक शिक्षिका नम्रता सिंह ने एक यूट्यूबर पर स्कूल में घुसकर उनका वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। 1.50 लाख रुपये वसूली मांगने का भी आरोप है। पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
बच्चों से बुलवाई झूठी बातें
शिक्षिका के अनुसार, आठ सितंबर को वह, अनुदेशक राजेंद्र शुक्ला और शिक्षिका सरिता सिंह स्कूल में थे। आरोप है कि दोपहर करीब 2:40 बजे एक महिला यूट्यूबर बिना अनुमति उन्हें धमकाते हुए स्कूल में घुसी और जबरन उनका और स्कूल का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। कोई आपत्तिजनक सामग्री न मिलने पर यूट्यूबर ने छुट्टी होने पर बहला-फुसलाकर बच्चों से उनके खिलाफ झूठी बातें बुलवाकर रिकॉर्ड कर लीं।
शिक्षिका ने कही ये बात
सहायक शिक्षिका ने बताया कि अगले दिन उन्हें यूट्यूब पर अपना वीडियो दिखाई पड़ा। आरोप है कि जब उन्होंने यूट्यूबर के कैमरामैन को कॉल कर वीडियो हटाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि दोपहर 2:13 बजे यूट्यूबर ने अनुदेशक राजेंद्र शुक्ला को कॉल कर वीडियो हटाने के बदले 1.50 लाख रुपये मांगे। परेशान होकर पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तफ्तीश चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।