आज से होगी परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षा – बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरी कीं तैयारियां

अमेठी सिटी। 1570 परिषदीय व
कंपोजिट विद्यालयों में सोमवार से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाएं 21 मार्च तक आयोजित की जाएंगी, जबकि परिणाम 31 मार्च को घोषित किया जाएगा।
।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत करीब 1.32 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 50 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से तैयार कराए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने बीआरसी के माध्यम से सभी विद्यालयों में प्रश्नपत्रों की आपूर्ति भी करा दी है। इस बार वार्षिक परीक्षा बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर विशेष प्रबंधों के साथ कराई जा रही है।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:15 से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली 12:15 से दोपहर 2:45 बजे तकचलेगी। इस बार परीक्षा की अवधि दो घंटे से बढ़ाकर ढाई घंटे कर दी गई है। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ जिला समन्वयकों को भी क्षेत्र में भ्रमण की जिम्मेदारी दी गई है। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक होगी, जबकि कक्षा दो और तीन में लिखित और मौखिक दोनों का समान भारांक रखा गया है।
कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा 70 प्रतिशत तथा मौखिक 30 प्रतिशत भारांक
साथ आयोजित होगी। वहीं कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा केवल लिखित होगी, जिसमें बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए गए हैं। कक्षा पांच की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन संकुल न्याय पंचायत स्तर पर अन्य विद्यालयों के शिक्षकों से कराया जाएगा। मौखिक परीक्षा का समय प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक अपनी सुविधा के अनुसार तय करेंगे।