बड़ी खबर: शिक्षामित्र को संविदा समाप्ति का नोटिस, निरीक्षण में खुली लापरवाही

बड़ी खबर: शिक्षामित्र को संविदा समाप्ति का नोटिस, निरीक्षण में खुली लापरवाही

कटरा विधानसभा क्षेत्र में हुए औचक निरीक्षण के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। क्षेत्रीय दौरे पर निकले विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ जब दोपहर करीब 12:45 बजे कलान ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बोझी पहुंचे, तो वहां की स्थिति देखकर नाराज़गी जताई।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षक अनुपस्थित मिले। इस संबंध में तत्काल सूचना बीएसए को दी गई। विभाग की ओर से इंचार्ज प्रधानाध्यापक मोहम्मद अनस से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि विद्यालय के शिक्षक अक्सर देर से आते हैं और कई बार बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वे स्कूल समय में इधर-उधर घूमते दिखाई देते हैं।
ग्रामीणों की शिकायतों और प्रथम दृष्टया जांच के आधार पर बीएसए ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक मोहम्मद अनस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें मिर्जापुर ब्लॉक से संबद्ध कर दिया गया है, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
इसी क्रम में एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खुटार नम्बर-1 विद्यालय की शिक्षामित्र तरन्नुम शाहीन 21 जून से लगातार बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। विभागीय रिकॉर्ड की जांच के बाद उन्हें संविदा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया गया है। नोटिस में निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनकी सेवा समाप्त की जा सकती है।
प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार और विद्यालय की नियमित व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

Leave a Comment