प्रयागराज में मधुमक्खियों का हमला, शैक्षणिक भ्रमण पर गई 52 छात्राएं घायल
प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क में शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण पर आई कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना में 52 छात्राएं घायल हो गईं। इनमें तीन छात्राओं की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार गंगापार क्षेत्र के फूलपुर, सैदाबाद, प्रतापपुर और बहादुरपुर ब्लॉक के विद्यालयों की 101 छात्राएं भ्रमण के लिए पार्क पहुंची थीं। दोपहर लगभग दो बजे अचानक मधुमक्खियों का झुंड छात्राओं पर टूट पड़ा। छात्राएं बचने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। कुछ शिक्षिकाएं भी छात्राओं को बचाने के दौरान डंक लगने से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। 42 छात्राओं को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) और 10 छात्राओं को चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीन छात्राओं की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
एसआरएन अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीलम सिंह ने बताया कि सभी घायल छात्राओं का उपचार इमरजेंसी विभाग में किया गया। वहीं चिल्ड्रेन अस्पताल की प्रभारी डॉ. मनीषा मौर्या ने बताया कि वहां लाई गई सभी छात्राओं की हालत सामान्य है।
घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। शिक्षा विभाग के सूत्रों का कहना है कि पार्क में सफाई के दौरान एक पेड़ के नीचे कचरा जलाया गया था। उसी पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। धुएं के कारण मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और छात्राओं पर हमला कर दिया। वहीं कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि किसी ने छत्ते पर ईंट मार दी थी, जिससे मधुमक्खियां भड़क उठीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि घायल छात्राओं के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सभी छात्राओं को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया। गंभीर छात्राओं का उपचार जारी है, जबकि अन्य छात्राएं सुरक्षित हैं।