सीएम योगी का बड़ा फैसला: सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित होगी विशेष TET, कल परीक्षा के लिए छुट्टी भी मिलेगी

सीएम योगी का बड़ा फैसला: सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित होगी विशेष TET, कल परीक्षा के लिए छुट्टी भी मिलेगी

लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने सेवारत शिक्षक के लिए विशेष TET आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा सेवा चयन आयोग इसकी प्रक्रिया तय करेगा। सीएम ने कहा कि TET की अनिवार्यता को देखते हुए यह जरूरी है। सरकार ने दो जुलाई से शुरू हो रही यूपीटीईटी 2026 में शामिल होने वाले कार्यरत सरकारी शिक्षकों को विशेष अवकाश देने का भी निर्णय लिया है। आपको बता दें सुप्रीम कोर्ट ने आदेश पारित कर सेवारत शिक्षकों के लिए भी शिक्षक पात्रता (TET) अनिवार्य कर दी है। सीएम ने मंगलवार को 2 से 4 जुलाई तक प्रस्तावित TET की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान ही उन्होंने विशेष TET के निर्देश दिए। कहा कि शिक्षकों को अधिक अवसर मिलना चाहिए जिससे उन्हें किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। गुरुवार से होने वाली TET में लगभग 1.85 लाख शिक्षक शामिल होंगे।

इस बीच, विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को पत्र जारी कर यूपीटीईटी 2026 में शामिल होने वाले कार्यरत सरकारी शिक्षकों को विशेष अवकाश देने को कहा है। शासन का कहना है कि बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसलिए उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए अवकाश दिया जाएगा। इससे शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी और उसमें शामिल होने में सुविधा मिलेगी। शिक्षक संगठनों ने भी इसकी मांग की थी।

सूत्रों ने बताया कि सर्वाधिक परीक्षा केंद्र एवं अभ्यर्थियों वाले जिलों में वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, मेरठ, मऊ, मुरादाबाद, आगरा व जौनपुर प्रमुख है।

सीएम बोले, न प्रभावित हो परीक्षा की विश्वसनीयता

सीएम ने कहा कि यह लाखों युवाओ की आकांक्षाओं से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता किसी भी परिस्थिति मे प्रभावित नही होनी चाहिए। परीक्षा का संचालन केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि युवाओ के भविष्य के प्रति सरकार की जवाबदेही का भी विषय है। किसी भी अभ्यर्थी को आवागमन, प्रवास, सुरक्षा या अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिनाई का सामना न करना पड़े। परीक्षा केंद्र पहुंचने में असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम, रेलवे व जरूरत के हिसाब से प्राइवेट ऑपरेटर्स के साथ समन्वय कर अतिरिक्त व्यवस्था की जाए। खाने-पीने की चीजों के दाम अनावश्यक न बढ़े। सभी डीएम बुधवार को परीक्षा की तैयारियों का रिहर्सल कर ले।

 

TET EXAM परीक्षा कार्यक्रम:

2 जुलाई- दोनो पालियो मे उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा

3 जुलाई-पहली पाली में उच्च प्राथमिक व दूसरी में प्राथमिक स्तर की परीक्षा

4 जुलाई- पहली पाली मे प्राथमिक स्तर की परीक्षा

60 जिलों में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए

19,94,661 अभ्यर्थी यूपी के शामिल होंगे

2,27,481 अभ्यर्थी अन्य राज्यों से

1,85,791 सेवारत शिक्षक भी देंगे परीक्षा

76,720 अभ्यर्थी लखनऊ के 43 केंद्रों पर पंजीकृत

Leave a Comment