यूपी में मानसून की आहट, कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; नोएडा-गाजियाबाद में चली तेज आंधी
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और इसके असर से देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में करीब 20 राज्यों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
यूपी में भी मानसून से पहले मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और तेज आंधी चली। कई जगहों पर हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन उमस बढ़ने से परेशानी भी बनी रही।
यूपी के इन इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कई जिलों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी और रायबरेली जैसे जिलों के लिए गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक स्थानीय मौसम बदलाव के कारण कुछ इलाकों में अचानक तेज हवा, गरज-चमक और बारिश देखने को मिल सकती है।
गर्मी और उमस से राहत नहीं, कई शहरों में तापमान 40 पार
शनिवार को भी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर देखने को मिला। कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली और कुछ जगहों पर थोड़ी देर के लिए बारिश हुई, लेकिन इसके बाद उमस और बढ़ गई।
बांदा लगातार तीसरे दिन देश के सबसे गर्म इलाकों में रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 43 डिग्री, वाराणसी में 42.6 डिग्री, कानपुर में 42.2 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ में भी शनिवार को तेज हवाओं के साथ कुछ समय के लिए बारिश हुई। यहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
मानसून आने के बाद भी क्यों बढ़ रही गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण यूपी में तापमान बढ़ रहा है। हालांकि मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में कई इलाकों में बारिश की संभावना बढ़ेगी
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।