जनगणना कार्य में लगी महिला शिक्षामित्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
बिजनौर। जनगणना कार्य के दौरान बिजनौर जिले की एक महिला शिक्षामित्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव अकबरपुर तिगरी की है, जहां जनगणना कार्य में लगी शिक्षामित्र अंजुम परवीन गुरुवार को ड्यूटी के दौरान बेहोश होकर गिर पड़ीं।
परिजनों के अनुसार अंजुम परवीन अपने पति मईनुद्दीन के साथ गांव में जनगणना संबंधी कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। पति उन्हें तत्काल चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का कहना है कि अंजुम परवीन पिछले कुछ समय से जनगणना ड्यूटी को लेकर मानसिक दबाव महसूस कर रही थीं। परिजनों के मुताबिक उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। हालांकि चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
मृतका गांव के कंपोजिट विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के पति मईनुद्दीन ने बताया कि बकरीद के अगले दिन भी जनगणना कार्य के दौरान अंजुम की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य हो गई थी और वह फिर से अपने कार्य में जुट गई थीं। लेकिन गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से यह दुखद घटना हो गई।
अंजुम परवीन की मौत के बाद क्षेत्र के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया है। वहीं, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़े।
शिक्षक समायोजन पर बड़ा अपडेट: किन प्रधानाध्यापकों का होगा समायोजन, किनका नहीं?
जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश