कुछ अलग : गर्मी पांच साल में तोड़ सकती है सभी रिकॉर्ड, संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2026-2030 के लिए जारी की चेतावनी

कुछ अलग : गर्मी पांच साल में तोड़ सकती है सभी रिकॉर्ड, संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2026-2030 के लिए जारी की चेतावनी

वाशिंगटन, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र की नई जलवायु रिपोर्ट में चेतावनी दी गई कि अगले पांच वर्षों के दौरान गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट सकते हैं। इस दौरान पृथ्वी के सबसे गर्म वर्ष का रिकॉर्ड भी टूट सकता है, जो अब तक 2024 के नाम दर्ज है।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने 2026 से 2030 के बीच तापमान को लेकर नई रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि धरती का तापमान कई बार उस अंतरराष्ट्रीय सीमा से ऊपर जा सकता है, जिसे सुरक्षित माना जाता रहा है। इसमें अनुमान जताया गया है कि 2030 तक आर्कटिक क्षेत्र का तापमान 1.66 डिग्री बढ़ सकता है। वहीं अमेजन वन क्षेत्र में गंभीर सूखे और आग का खतरा बढ़ सकता है।

2026 से 2030 के बीच औसत वैश्विक तापमान के औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की 75 प्रतिशत आशंका है। यही वह सीमा है, जिसे 2015 के पेरिस जलवायु समझौते में सुरक्षित माना गया था। वहीं अगले पांच वर्षों में कम से कम एक वर्ष के 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार करने की 91 प्रतिशत संभावना है। 2024 में बने पृथ्वी के सबसे गर्म वर्ष के रिकॉर्ड के टूटने की 86% आशंका है।

Leave a Comment