Heatwave Alert: जिले के स्कूल अब सुबह 7 से 11:30 बजे तक खुलेंगे
चित्रकूट। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चित्रकूट की ओर से नया आदेश जारी किया गया है। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद चित्रकूट के कक्षा 1 से कक्षा 8 तक संचालित सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई तथा आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि विद्यार्थियों को भीषण गर्मी एवं लू-प्रकोप के दुष्प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से विद्यालयों का संचालन अब सुबह 7:00 बजे से लेकर सुबह 11:30 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश 13 मई 2026 से प्रभावी होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी शिक्षक शिक्षण अवधि शुरू होने से 15 मिनट पहले विद्यालय में उपस्थित रहेंगे तथा शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद कम से कम 30 मिनट तक विद्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे।
यह आदेश टाइम एंड मोशन से संबंधित शासनादेश पत्रांक 6717/2022-23 दिनांक 02 नवंबर 2022 के निर्देशों के क्रम में जारी किया गया है। अधिकारियों ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा अन्य कर्मचारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी चित्रकूट, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक), सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।