जनगणना की तैयारी तेज, तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
प्रखंड क्षेत्र में आगामी जनगणना को लेकर तैयारियां अब तेज होती दिख रही हैं। इसी क्रम में प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय के सभागार में सोमवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ आलोक कुमार सिंह, बीईओ रामजन्म सिंह और बीएओ सतीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस प्रशिक्षण में प्रखंड के सुपरवाइजर और पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। उन्हें जनगणना से जुड़े जरूरी बिंदुओं और प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी जा रही है, ताकि आने वाले समय में कार्य को बिना किसी परेशानी के पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड में होने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन बीडीओ के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसमें प्रखंड के शिक्षक, अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य यही है कि सभी कर्मियों को एक समान जानकारी और दिशा-निर्देश मिल सकें, जिससे जनगणना का काम सुचारु रूप से पूरा हो सके।
प्रशिक्षण सत्र में ट्रेनर के रूप में मृत्युंजय कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार राय, उमेश प्रसाद राय, संतोष कुमार और अमित कुमार मिश्रा मौजूद रहे। सभी ट्रेनर अपने अनुभव के आधार पर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दे रहे हैं, जिससे उन्हें फील्ड में काम करने में आसानी हो।