प्रधानाध्यापक व शिक्षक निलंबित बीईओ समेत पूरे स्कूल पर कार्रवाई
कुशीनगर के विशुनपुरा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पड़री पिपरपाती में भोजन बनाने के दौरान पुस्तक का अंश जलाने के मामले में बीएसए ने सख्त रूख अख्तियार किया है। बीईओ रामकोला से गोपनीय जांच कराकर प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक को निलंबित कर दूसरे विद्यालय में संबद्ध किया है। वहीं दूसरे सहायक अध्यापक का वेतन व स्कूल में तैनात दो अनुदेशक का मानदेय रोक कर पांच रसोइया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने गंभीर लापरवाही मामले में बीईओ विशुनपुरा जयंत कुमार का भी वेतन रोका है। बीईओ नेबुआ नौरंगिया व सेवरही को जांच अधिकारी नामित कर एक सप्ताह के अंदर जांच आख्या मांगी है। इससे बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
विशुनपुरा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पड़री पिपरपाती से शिकायत मिली है कि विद्यालय परिसर में भोजन बनाने के लिए पुस्तक के कुछ अंश को जलाया गया है। इसकी सूचना गांव के अवधेश शर्मा से मिलने के बाद बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य ने गंभीरता से लेते हुए दूसरे ब्लॉक रामकोला व
कप्तानगंज के बीईओ प्रभातचंद राय से गोपनीय जांच कराई। जांच में भोजन बनाने के दौरान पुस्तक का कुछ अंश जलने समेत निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों को जलाए जाने की घटना को नजर अंदाज करने तथा सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, विभाग की छवि धूमिल करने और जांच के दौरान आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न कराने की भी बात सामने आई है। इसके अलावा सहायक अध्यापक अनिल कुमार ने फरवरी 2026 तक विद्यालय का प्रभारी रहने के बावजूद आय-व्यय पंजिका, विद्यालय प्रबंध समिति के अभिलेख सहित अन्य जरूरी दस्तावेज जांच अधिकारियों को उपलब्ध नहीं कराया। उन पर वित्तीय अनियमितता, कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनिक व्यवस्था को अत्यंत दयनीय स्थिति में पहुंचाने के भी आरोप लगे। बीएसए ने बीईओ की रिपोर्ट पर स्कूल में तैनात प्रधानाध्यापक मनिंद्र कुमार तिवारी व कार्यवाहक प्रधानाध्यापक रहे सहायक
अध्यापक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रधानाध्यापक को विशुनपुरा ब्लॉक के जटहां में संबद्ध करने तथा सहायक अध्यापक को उच्च प्राथमिक विद्यालय कठकुइया विकास खंड पडरौना संबद्ध किया है। बीएसए ने इस मामले में स्कूल में तैनात सभी शिक्षकों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की है।
उन्होंने सहायक अध्यापक शिवम बाबू का वेतन तथा अनुदेशक सुनील कुमार व अनुराधा उपाध्याय का मानदेय रोक दिया है। वहीं रसोइया गीता, मुन्नी, सलमा, रामपति, हरी की सेवा समाप्त की जाएगी। बीएसए ने बीईओ विशुनपुरा जयंत कुमार की गंभीर लापरवाही सामने आने पर वेतन रोक दिया है। बीएसए ने इस मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी नौरंगिया रजनीश द्विवेदी और सेवरही के खंड शिक्षा अधिकारी अमितेश कुमार को जांच अधिकारी नामित कर निर्धारित समय में साक्ष्य सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिया है।
पुस्तक का कुछ अंश जलाया जाना गंभीर मामला है। गोपनीय जांच आख्या के आधार पर बीईओ व एक सहायक अध्यापक का वेतन रोक दिया गया है। प्रधानाध्यापक व एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दूसरे विद्यालय में संबद्ध किया गया है। स्कूल में तैनात पांच रसोइयों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जायेगी। इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दूसरे ब्लॉक के दो बीईओ की टीम गठित की गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
डॉ. रामजियावन मौर्य, बीएसए कुशीनगर