पद छिनने पर महिला शिक्षक ने प्रधानाध्यापिका को दौड़ाकर पीटा, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग
उमर्दा ब्लॉक के फिरोजपुर कंपोजिट विद्यालय में शुक्रवार को इंचार्ज प्रधानाध्यापक और शिक्षिका के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि सहायक शिक्षिका ने इंचार्ज शिक्षिका को स्कूल परिसर में ही दौड़ा कर पीटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने आरोपी शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
उमर्दा ब्लॉक के फिरोजपुर कंपोजिट विद्यालय में दीप्ती यादव पिछले 14 वर्षों से इंचार्ज प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वरिष्ठता के नियमों को देखते हुए 12 मार्च को बीएसए के आदेश पर उनसे यह प्रभार वापस ले लिया गया था। उनकी जगह सीनियर
शिक्षिका राधा देवी को नया इंचार्ज नियुक्त किया गया। पद छिनने के बाद से ही दोनों के बीच तनाव चल रहा था। शुक्रवार को बात इतनी बढ़ गई कि दीप्ती यादव ने राधा देवी के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दीप्ती ने राधा देवी को स्कूल में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे उनके कपड़े तक फट गए। पीड़ित शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बीईओ विपिन कुमार और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए संदीप कुमार ने कार्रवाई करते हुए दीप्ती यादव को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर ठठिया से संबद्ध किया गया है। दूसरी ओर, पीड़ित शिक्षिका ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बीईओ विपिन कुमार ने बताया कि इंचार्ज पद को लेकर दोनों के बीच तनाव था। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि इंचार्ज पद को लेकर दोनों शिक्षिकाओं में विवाद था। मारपीट की पुष्टि होने पर आरोपी शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है।
