मैं ठाकुर नहीं ईसाई हूं…तुम्हें शादी करनी है तो अपना धर्म बदलो, शिक्षिका को फंसाकर शातिर ने लूटी इज्जत
कानपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक संगीत शिक्षिका को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने पहले खुद को हिंदू और ठाकुर बताकर उससे दोस्ती की, लेकिन बाद में अपनी असली पहचान ईसाई बताते हुए शादी के लिए धर्म बदलने का दबाव बनाने लगा। जब शिक्षिका ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।
पीड़िता के अनुसार वह जूही बारा देवी इलाके की रहने वाली है और ग्वालटोली स्थित एक निजी स्कूल में संगीत की शिक्षिका है। उसने बताया कि वर्ष 2017 में उसकी मुलाकात अभिषेक सिंह नाम के युवक से हुई थी, जो गिटार बजाता था। उस समय दोनों के बीच सामान्य दोस्ती थी। बाद में वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के जरिए दोनों की बातचीत फिर शुरू हुई। बातचीत के दौरान युवक ने मीठी-मीठी बातें कर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। धीरे-धीरे उसने शादी का वादा किया और इसी बहाने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि जब वर्ष 2025 में उसे गर्भवती होने का पता चला और उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया, तब युवक ने अपनी असली पहचान बताई। उसने कहा कि उसका नाम अभिषेक सिंह नहीं बल्कि अभिषेक क्लॉडियस उर्फ रॉनी है और वह ईसाई धर्म से है। इतना ही नहीं उसने कहा कि अगर उसे शादी करनी है तो पहले धर्म परिवर्तन करना होगा।
युवती ने विरोध करते हुए कहा कि उसने तो खुद को हिंदू और ठाकुर बताकर ही उससे दोस्ती की थी। इस पर युवक ने साफ कह दिया कि वह हिंदू नहीं बल्कि ईसाई है और शादी के लिए उसे भी ईसाई धर्म अपनाना पड़ेगा। पीड़िता ने जब धर्म बदलने से इनकार किया तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि जब पीड़िता गर्भावस्था के दौरान आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची तो वहां उसके साथ मारपीट की गई। उसने बताया कि आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने बाल पकड़कर उसे पीटा और पेट में लात भी मारी। इस घटना से वह बुरी तरह डर गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने शारीरिक संबंध के दौरान चोरी-छिपे उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के लिए उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं उसे आरोपी के घर में जबरन रोककर रखा गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी के परिवार के लोगों ने भी उसके साथ बेहद बुरा व्यवहार किया। आरोप है कि आरोपी के पिता, मां और अन्य परिजनों ने भी उसे पीटा। इसके अलावा आरोपी के पिता और भाई पर छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि मारपीट और जबरन दी गई दवाओं के कारण उसका गर्भपात भी हो गया।
लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने पुलिस का सहारा लिया। उसने कर्नलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी युवक और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास, गर्भपात कराने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और अदालत में उसके बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।