चांदी की कीमतों में तगड़ी गिरावट, रोक दिए गए नए सौदे; जानें कितना पहुंचा भाव

चांदी की कीमतों में तगड़ी गिरावट, रोक दिए गए नए सौदे; जानें कितना पहुंचा भाव

चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट ने सराफा बाजार में हलचल मचा दी है। शुक्रवार को चांदी के दाम अचानक धड़ाम होने के बाद शनिवार को इसका सीधा असर बाजार पर दिखा। हालात ऐसे रहे कि पूरे दिन चांदी के नए सौदे नहीं हो सके और बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। कारोबारियों ने जोखिम को देखते हुए सभी नए सौदे फिलहाल रोक दिए हैं और ‘देखो और इंतजार करो’ की रणनीति अपना ली है।

चांदी में आई इस जबरदस्त गिरावट से हाजिर बाजार में भी खरीदारी लगभग ठप रही। न निवेशक आगे आए और न ही ग्राहक। बाजार से जुड़े लोगों का कहना है कि अब बजट के बाद ही चांदी की खरीद-फरोख्त पर कोई ठोस फैसला लिया जाएगा।

चांदी के साथ-साथ सोने के दामों में भी नरमी देखने को मिली है। गौरतलब है कि महज दो दिन पहले ही चांदी का भाव चार लाख रुपये के पार पहुंच गया था, लेकिन अचानक आई गिरावट ने सराफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी। शुक्रवार को दिनभर कारोबारियों की नजरें एमसीएक्स पर टिकी रहीं।

दरअसल, बीते एक साल में चांदी की कीमतें चार गुना से ज्यादा बढ़ चुकी थीं। इसी वजह से बड़ी संख्या में निवेशक सोने की बजाय चांदी में निवेश कर रहे थे। लेकिन शुक्रवार को आई भारी गिरावट के बाद किनारी बाजार, नमक की मंडी, फाटक सूरजभान, शाहगंज समेत पूरे सराफा बाजार में शनिवार को चांदी की खरीदारी नहीं हुई।

एमसीएक्स पर लोअर सर्किट से मचा हड़कंप

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को चांदी की शुरुआत करीब 3.89 लाख रुपये के स्तर से हुई, लेकिन कुछ ही समय में भाव गिरकर 2.92 लाख रुपये तक पहुंच गया। लोअर सर्किट लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहा, जिससे कारोबारी कोई जोखिम लेने की स्थिति में नहीं दिखे।

शनिवार को एमसीएक्स बंद रहने के कारण अब सराफा कारोबारियों की नजरें बजट पर टिकी हुई हैं। हाजिर बाजार में निवेशक और ग्राहक दोनों ही फिलहाल इंतजार की मुद्रा में हैं। कई लोगों को आशंका है कि चांदी के दाम में एक और झटका आ सकता है।

कारोबारी बोले— फिलहाल रुकना ही बेहतर

सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार तक बाजार में तेजी बनी हुई थी, लेकिन गिरावट के बाद नए सौदे लगभग बंद हो गए हैं। चांदी में अस्थिरता काफी बढ़ गई है, ऐसे में बजट से पहले कोई जोखिम लेना ठीक नहीं समझा जा रहा।

वहीं, श्री सराफा कमेटी के मंत्री देवेंद्र गोयल ने कहा कि पूरे दिन बाजार में सन्नाटा रहा। न ग्राहक आए और न ही निवेशक। हालांकि सोने के आभूषणों की खरीदारी सामान्य रही, लेकिन चांदी की कीमतों में अचानक आई गिरावट से बाजार में खलबली मची हुई है। कई कारोबारियों को भारी नुकसान भी उठाना पड़ा है।

Leave a Comment