UP Weather Update: 24 घंटे में बदलेगा यूपी का मौसम, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड
UP Weather Update यूपी में मौसम का रंग अलग ही देखने को मिल रहा है। तेज हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। लखनऊ आगरा बरेली मुरादाबाद कानपुर प्रयागराज सहित पूर्वी जिलों में तेज हवाओं से सुबह और शाम ठंडक बढ़ी है। बढ़ते तापमान से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। नवंबर के आखिरी हफ्ते में बोई गई फसल पर तेज धूप का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
यूपी में मौसम बदल गया है। कुछ दिन पहले दिन का मौसम गर्म हो रहा था। लेकिन अब दिनभर ठंडी हवा चलने से सुबह और शाम ठंड रह रही है। मौसम विभाग ने अभी तेज हवा चलने का आसार जताया है। हवा की गति में रविवार के बाद से कमी आएगी और सोमवार से तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। चार दिन पूर्व यूपी के कुछ जिलों में बारिश और बूंदाबांदी हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ तो गुजर गया लेकिन उसका असर अभी तेज हवा के रूप में बरकरार है। शुक्रवार को सुबह से रात तक ठंडी हवा चलती रही। दोपहर में धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा के चलते उसका असर कम रहा। शाम ढलने के बाद ठंड बढ़ गई।
आगरा में ये रहा तापमान
आगरा में तेज हवाओं ने ठंडक का अहसास कराया। आगरा का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान से अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान थोड़ा सा कम रहा

मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि शनिवार को 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवा चलेगी। इसके बाद मौसम में बदलाव आने से तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी।
बढ़े हुए तापमान से गेंहू की फसल को हो रहा नुकसान
खेतों में गेहूं की फसल में बालियां बन रही हैं और उसके बाद दाना पड़ेगा। मौसम में तेजी से परिवर्तन आ रहा है और 10 दिन में 20 डिग्री सेल्सियस से 27 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया है। इससे गेंहू की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। बढ़े हुए तापमान के कारण गेहूं की बालियां बनने और मिल्की स्टेज प्रभावित होगी, जिसका उत्पादन पर असर पड़ेगा।
10 दिन में 20 से 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया अधिकतम तापमान
जिले में 1.32 लाख हेक्टेयर में गेंहू का उत्पादन होता है। नवंबर पर गेहूं की बोआई होती है, लेकिन किसानों ने दिसंबर बोआई की है। गेंहू की फसल 130 दिन की होती है। गत दो से तीन वर्ष से तापमान जल्दी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे गेंहू की फसल प्रभावित होती है। किरावली के किसान अशोक सिंह ने बताया कि गेंहू की कोत से बालियां निकल रही हैं। कुद क्षेत्र में दाना पड़ना शुरू हो गया है। ऐसे में बढ़ा हुआ तापमान दाने की ग्रोथ रोक देगा। बाह के किसान शिवकुमार ने बताया कि चार बीघा में गेंहू किया है। तापमान बढ़ने से मुश्किल बढ़ने की आशंका सता रही है।