यूपी-दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट, कोहरे के साथ-साथ अब बारिश की चेतावनी-बर्फबारी बढ़ाएगी मुसीबत
उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप बढ़ने वाला है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी से मुश्किलें बढ़ेंगी। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में घने कोहरे की चेतावनी दी है। दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में भी कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर दिखेगा। यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में शीतलहर का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। पहाड़ी राज्यों में हल्की बर्फबारी के कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ गई है। अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। IMD ने उत्तर और मध्य भारत समेत के कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में 21 दिसंबर की सुबह तक घना कोहरा छाया रह सकता है, जबकि पंजाब और हरियाणा में 25 से 27 दिसंबर के बीच कोहरे का असर दिखेगा।
IMD ने अनुसार 20 दिसंबर को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर की स्थिति बन सकती है। बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
कोहरा और ठंड बढ़ाएगा परेशानी
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना जताई है, जबकि कश्मीर घाटी में 21 दिसंबर को कहीं-कहीं भारी बर्फबारी हो सकती है। कोहरे और ठंड के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड हो रही है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में 26–27 दिसंबर और पूर्वी यूपी में 22, 26 व 27 दिसंबर को घना कोहरा रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही आज 21 दिसंबर को कई जिलों में भीषण ठंड पड़ने के आसार है।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, रुड़की और ऋषिकेश सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट है। वही 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।